Central Samvad रायपुर, 28 अक्टूबर 2026
।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। इस दौरान टीम ने मुख्यमंत्री को स्मृति-चिह्न भेंट किया।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सारंग टीम का हवाई प्रदर्शन युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक होगा।

यह आयोजन उनमें देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के माध्यम से होने वाला प्रदर्शन भारत की तकनीकी क्षमता और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का परिचय देगा।

। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग टीम भव्य एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर समन्वित उड़ान और रोमांचक हवाई करतब दिखाएंगे। यह आयोजन राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।
सारंग टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया सहित दो महिला पायलट भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला पायलटों की सहभागिता प्रदेश की बेटियों को विमानन और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।सारंग टीम स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ के माध्यम से अपने हवाई प्रदर्शन के लिए जानी जाती है।
इसके प्रदर्शन में पायलटों का सटीक समन्वय, तकनीकी दक्षता और अनुशासन देखने को मिलता है।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह एयर शो प्रदेशवासियों में भारतीय वायु सेना के प्रति सम्मान और गौरव की भावना बढ़ाएगा तथा युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा देगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह उपस्थित थे।

