Central Samvad रायपुर, 28 अक्टूबर 2026
बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए रायपुर के 21 विद्यालयों में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में 42 न्यायाधीशों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें बाल संरक्षण कानूनों, व्यक्तिगत सुरक्षा, ऑनलाइन सतर्कता और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वावधान में 10 अक्टूबर 2026 से शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों और सहायता के उपलब्ध माध्यमों से परिचित कराना है। बच्चों को बताया जा रहा है कि असुरक्षा या शोषण की स्थिति में वे कहां संपर्क करें, शिकायत कैसे दर्ज कराएं और निःशुल्क कानूनी सहायता कैसे प्राप्त करें।

रायपुर और गरियाबंद जिले में अभियान के प्रथम चरण के तहत 26 से 31 अक्टूबर तक विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश बलराम प्रसाद वर्मा के निर्देश पर चयनित विद्यालयों में ये गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के लिए शिक्षा, बाल संरक्षण, महिला एवं बाल विकास तथा साइबर अपराध से जुड़े विभागों को शामिल करते हुए जिला स्तरीय समन्वय समिति गठित की गई है।

कार्यक्रमों में ‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’, ‘कानून जानो, बचपन बचाओ’, ‘सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’ और ‘न बाल विवाह, न बाल शोषण’ जैसे विषयों पर बच्चों को जागरूक किया जा रहा है। पॉक्सो सपोर्ट पर्सन, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति के सदस्य और बाल मनोविज्ञान विशेषज्ञ भी बच्चों से संवाद कर रहे हैं।
इसके अलावा विधि महाविद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला एवं पेंटिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से अभियान में भाग ले रहे हैं। अभियान की अवधि के बाद भी विद्यालयों में बाल संरक्षण और बच्चों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

