Central Samvad रायपुर27 मई 2026
केंद्र सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए सार्थक-पीडीएस योजना को जारी रखने की मंजूरी दी है।
मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने इस योजना के लिए 25 हजार 530 करोड़ रुपए के आवंटन को स्वीकृति दी है।केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह योजना राज्यों की एजेंसियों को खाद्यान्नों के अंतरराज्यीय परिवहन, उचित मूल्य दुकानों के संचालन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण में सहायता प्रदान करेगी।समिति ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में खाद्यान्नों के परिवहन और हैंडलिंग खर्च के लिए केंद्रीय सहायता के नियमों में बदलाव किया है। इसके साथ ही राशन दुकानों के डीलरों के मार्जिन से जुड़े खर्चों के लिए सहायता मानदंडों में भी संशोधन किया गया है।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने योजना के दूसरे चरण को मंजूरी मिलने का स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि सरकार तकनीक के उपयोग से गरीबी उन्मूलन योजनाओं को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बना रही है।

