Central Samvad रायपुर, 08 जून 2026
किसानों की आय बढ़ाने, मिट्टी की उर्वरता सुधारने और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दंतेवाड़ा जिले में ‘खेत बचाओ अभियान’ शुरू किया जा रहा है।

कृषि विभाग द्वारा तैयार इस योजना के तहत प्राकृतिक खेती, मिलेट्स (श्री अन्न) उत्पादन, जल संरक्षण और पारंपरिक बीजों के संरक्षण को प्रोत्साहित किया जाएगा।जिले के चारों विकासखंडों में चरणबद्ध तरीके से लागू होने वाले इस अभियान का उद्देश्य मिट्टी के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना, खेती की लागत कम करना और किसानों को प्राकृतिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना है।

ज्वार, बाजरा, रागी (मड़िया), कोदो और कुटकी जैसी फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिन्हें ‘श्री अन्न’ और पौष्टिक सुपरफूड माना जाता है।

योजना के तहत मृदा स्वास्थ्य मैपिंग, सॉयल हेल्थ कार्ड को मजबूत करना, जैविक खाद और वर्मी कम्पोस्ट का प्रशिक्षण, सामुदायिक बीज बैंक की स्थापना तथा खेतों की मेड़ों पर हरित खाद देने वाले पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।


