Central Samvad रायपुर, 08 जून 2026
जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए सीड बॉल निर्माण अभियान चलाया जा रहा है। मानसून से पहले ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों, युवाओं और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी से बड़े पैमाने पर सीड बॉल तैयार किए जा रहे हैं।

सीड बॉल मिट्टी, गोबर खाद और स्थानीय वृक्षों के बीजों से बनाई जाती है। बारिश होने पर ये बीज अंकुरित होकर पौधों में बदल जाते हैं, जिससे हरियाली बढ़ती है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। यह कम लागत में अधिक क्षेत्र में वनीकरण का प्रभावी तरीका माना जाता है।

अभियान के तहत आम, जामुन, करंज, नीम और इमली सहित विभिन्न स्थानीय प्रजातियों के लगभग 80 हजार सीड बॉल तैयार किए जा चुके हैं। इन्हें वर्षा ऋतु के दौरान बंजर, पहाड़ी और वन क्षेत्रों में फैलाया जाएगा।जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार ने लोगों से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से हरित, समृद्ध और खुशहाल जशपुर का निर्माण संभव है।इस अभियान में ग्रामीणों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, हर्षा ट्रस्ट और बिहान की भी सक्रिय भागीदारी रही है।

