Central Samvadरायपुर | 18 मई 2026
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के जरिए रोजगार से जोड़ने की पहल सफल होती नजर आ रही है। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर अंजोरा में प्रशिक्षण लेने वाले 10 युवाओं का चयन हैदराबाद के प्रतिष्ठित होटलों में हुआ है।कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने चयनित युवाओं को प्लेसमेंट लेटर और प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए।

उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का मजबूत माध्यम बन रहा है।45 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी, कम्युनिकेशन स्किल, सॉफ्ट स्किल, ग्रूमिंग और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया गया।

इससे युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिले।हैदराबाद के मिनर्वा ग्रैंड कॉम्पल्ली और यस वी एम ग्रैंड होटल में चयनित युवाओं को प्रतिमाह 12 हजार रुपये वेतन के साथ रहने और भोजन की सुविधा भी मिलेगी।

युवाओं ने प्रशिक्षण के बाद मिले आत्मविश्वास और रोजगार अवसर के लिए जिला प्रशासन और प्रशिक्षण संस्थान का आभार जताया। कई युवाओं ने कहा कि अब वे नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखेंगे।

