Central Samvadरायपुर, 21 अगस्त 2026
दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में शहीदों की स्मृति में शौर्य वाटिका का कल भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम में शामिल होकर शहीद परिवारों का सम्मान किया।

इस दौरान 37 शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया और शहीदों के नाम पर उनके परिजनों ने स्मृति वृक्ष लगाए।

उपमुख्यमंत्री ने भी पीपल का पौधा रोपित किया।लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही शौर्य वाटिका शहीदों के त्याग और शौर्य की स्मृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने लगभग 78.96 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग, शौचालय, चबूतरा, वृक्षारोपण और शेड निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 37.95 लाख रुपए के सीसी रोड, आहता और शेड निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।श्री शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ा बलिदान दिया है। शहीद जवानों की बहादुरी और बलिदान से बस्तर में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।

अब नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है।उन्होंने कहा कि सोनपुर में शहीदों की स्मृति में बनाई जा रही शौर्य वाटिका आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग और शौर्य की याद दिलाएगी। सांसद श्री विजय बघेल ने भी शहीदों को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

