Central Samvadरायपुर, 21 अगस्त 2026
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जांजगीर जिला मुख्यालय में जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने स्वीकृत विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।नगरीय निकायों के विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अरुण साव ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रिया पूरी हो चुके कार्यों को तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

जांजगीर और सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों को भी समय-सीमा में पूरा करने कहा।उन्होंने 15वें वित्त आयोग, स्वच्छ भारत मिशन और जल आवर्धन योजना के कार्यों में तेजी लाने के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और कचरा पृथक्करण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। पीएम स्वनिधि और पीएम आवास योजना जैसी प्राथमिकता वाली योजनाओं के लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने कहा।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुके कार्यों को जल्द शुरू कराने और प्रगतिरत कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की तत्काल मरम्मत तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन की पूर्ण एवं हैंडओवर योजनाओं के सुचारू संचालन और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने कहा गया।
वहीं खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।अरुण साव ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और सम्मान के साथ समय पर निराकरण सुनिश्चित करने कहा।

