Central Samvadरायपुर, 21 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए सभी 33 जिलों में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी की अध्यक्षता में जिला प्रशासन के नेतृत्व में यह अभ्यास हुआ।
नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों की गतिविधियों की निगरानी की गई।मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ की विभिन्न संभावित परिस्थितियां बनाकर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, पुलिस, होमगार्ड, नगर सेना और अग्निशमन सेवाओं के साथ राजस्व, जल संसाधन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, पशुपालन और दूरसंचार विभागों के बीच समन्वय की स्थिति परखी गई।

अभ्यास में बाढ़ की पूर्व चेतावनी जारी करने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत शिविर संचालित करने, बचाव नौकाओं और अन्य संसाधनों की तैनाती तथा मेडिकल टीमों की व्यवस्था का रिहर्सल किया गया। जिला स्तर पर त्वरित निर्णय लेने और मैदानी अमले की प्रतिक्रिया क्षमता का भी परीक्षण किया गया।
शम्मी आबिदी और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों ने रायपुर जिले में मॉक ड्रिल का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। अभ्यास का उद्देश्य आपदा के दौरान सूचना में देरी, संसाधनों की कमी या अन्य संभावित कमियों की पहचान कर उन्हें समय रहते दूर करना रहा।
मॉक ड्रिल में एनडीएमए नई दिल्ली के वरिष्ठ सलाहकार रविंद्र गुरुंग, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के डॉ. जीवन कुमार, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के उप सचिव गजेंद्र ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।

