Central Samvadरायपुर, 19 अगस्त 2026
हाल ही में बिलासपुर के कोनी स्थित बिलासा ताल में 24.38 लाख रुपए की लागत से तैयार वुडन ब्रिज का वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने लोकार्पण किया। प्राकृतिक वातावरण के बीच बने इस आकर्षक ब्रिज से बिलासा ताल की सुंदरता बढ़ी है और यह पर्यटकों एवं शहरवासियों के लिए नया आकर्षण बनेगा।

बिलासा ताल के प्राकृतिक परिवेश और पर्यटन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाए गए इस ब्रिज से पर्यटकों को ताल परिसर में घूमने और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके आसपास के क्षेत्र को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने में मदद मिलेगी।

वुडन ब्रिज के निर्माण से बिलासा ताल की पर्यटन सुविधाओं में विस्तार हुआ है। इससे यहां आने वाले पर्यटकों की सुविधा बढ़ने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय नागरिकों के लिए भी यह मनोरंजन और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का बेहतर विकल्प बनेगा।कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, अपर मुख्य सचिव एवं प्रभारी सचिव मनोज पिंगुआ, पीसीसीएफ अरुण पाण्डेय, सीसीएफ मनोज पांडे, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

