Central Samvad रायपुर, 19 जून 2026
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देश के सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों और मुख्य सचिवों के साथ टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में छत्तीसगढ़ की ओर से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा मुख्य सचिव शामिल हुए।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने छत्तीसगढ़ में टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में तेजी से कई गांव और ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा मरीजों की पहचान, उपचार और जागरूकता कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से ही हासिल किया जा सकता है। उन्होंने टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान, नियमित उपचार, उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में जांच और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
साथ ही जनप्रतिनिधियों और जनसहभागिता की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।वीडियो कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा सभी राज्यों के मुख्य सचिव भी शामिल हुए।

