Central Samvad रायपुर, 19 जून 2026
छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को अब बेहतर खान-पान और उत्कृष्ट आतिथ्य सेवाओं का अनुभव मिलेगा। इस दिशा में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के रिसॉर्ट कर्मचारियों के लिए आयोजित द्वितीय कलिनरी स्किल प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) नवा रायपुर द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य राज्य के पर्यटन रिसॉर्ट्स की सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करना था।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक पाक कला, फूड प्रेजेंटेशन, लागत नियंत्रण, किचन प्रबंधन, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

आईएचएम रायपुर के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने भारतीय, क्षेत्रीय और समकालीन व्यंजनों को तैयार करने की आधुनिक तकनीकों से कर्मचारियों को अवगत कराया।समापन एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारती दासन ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण भोजन और उत्कृष्ट सेवाएं किसी भी पर्यटक की यात्रा को यादगार बनाती हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित कर्मचारी अपने-अपने रिसॉर्ट्स में इन तकनीकों का प्रभावी उपयोग कर छत्तीसगढ़ पर्यटन की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करेंगे।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक तथा आईएचएम रायपुर के प्राचार्य श्री विवेक आचार्य ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दौर में सेवाओं की गुणवत्ता ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

यह प्रशिक्षण कर्मचारियों में दक्षता, नवाचार और व्यावसायिकता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और आईएचएम रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी, रिसॉर्ट प्रतिनिधि और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

