durg-fire-incident

दुर्ग, 27 अप्रैल 2026। जिले में बीती रात अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की चार से अधिक घटनाओं से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पहुंची अग्निशमन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी स्थानों पर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
पहली घटना जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम बासिन में हुई, जहां एक ट्रक में आग लग गई। वहीं दूसरी घटना कुटुंब न्यायालय के पास एक पेड़ में आग लगने की रही।

सबसे बड़ी घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र के वार्ड-15 स्थित कागज (पुट्ठा) गोदाम में सामने आई, जहां गोदाम के पिछले हिस्से में रखे पुट्ठा और मालवाहक वाहनों में आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
सुबह 4:00 बजे से शुरू हुआ यह प्रयास करीब साढ़े 6 घंटे तक चला। दमकल टीम ने लगातार छह फेरे लगाकर सुबह 10:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया। इस दौरान कुम्हारी पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
इसके अलावा जिले के कुछ स्थानों पर बिजली ट्रांसफॉर्मरों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, सूचना मिलते ही टीम को तुरंत रवाना किया गया और सभी स्थानों पर समय रहते कार्रवाई की गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच जारी है।
अग्निशमन दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी, शरद मेश्राम, केशव यादव सहित पूरी टीम की तत्परता से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

अग्निशमन विभाग की अपील:
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन सेवा से संपर्क करें। सहायता के लिए 112 सहित अग्निशमन कार्यालय दुर्ग के नंबर 0788-2320120, 2320121, 2322571 पर संपर्क किया जा सकता है।

