Central Samvad रायपुर 30 जुलाई 2026
संसद ने राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक 2026 पारित कर दिया है। इस विधेयक का उद्देश्य देश के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को राष्ट्रगान के समान वैधानिक संरक्षण प्रदान करना है। विधेयक के प्रावधानों के अनुसार वंदे मातरम् के अपमान पर तीन वर्ष तक की कैद, जुर्माना या दोनों सजा का प्रावधान किया गया है।

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने विधेयक पर चर्चा के दौरान कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय पहचान और स्वतंत्रता संग्राम की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्र की आत्मा की आवाज है और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह विधेयक राष्ट्र गौरव से जुड़ा हुआ है, किसी राज्य, व्यक्ति या विचारधारा के विरुद्ध नहीं है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए वंदे मातरम् के सम्मान को आवश्यक बताया।विधेयक के माध्यम से सरकार ने राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान और नागरिकों में राष्ट्र भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया है। सरकार का कहना है कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को सशक्त बनाने में वंदे मातरम् की महत्वपूर्ण भूमिका है।

