Central Samvad रायपुर, 5 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ को सिंगापुर में आयोजित प्रथम सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं मिली हैं।

इनमें सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए ₹41,750 करोड़ का निवेश प्रस्ताव प्रमुख है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में कंपनी को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ सौंपा।

कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करती है। प्रस्तावित परियोजना से छत्तीसगढ़ में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।राज्य को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से सोलर क्षेत्र, बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के लिए ₹1,500 करोड़ के FDI प्रस्ताव भी प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और युवाओं में निवेशकों के विश्वास का प्रमाण हैं।SING फोरम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की जरूरतों के अनुसार लगातार सुधार कर रही है और अब तक 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि सुधारों और प्रगतिशील औद्योगिक नीति के चलते
छत्तीसगढ़ को पिछले 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर को सिंगापुर में CEO राउंडटेबल में प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और राज्य में निवेश की इस गति को आगे बढ़ाएंगे।

