Central Samvad रायपुर 6 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को कौशल विकास और निवेश के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां मिली हैं। प्रदेश में उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ एमओयू किया गया।

वहीं एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में 350 करोड़ रुपये के नए निवेश का प्रस्ताव मिला।इससे सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले एफडीआई निवेश प्रस्तावों की कुल राशि बढ़कर 43,600 करोड़ रुपये हो गई है।Valency International छत्तीसगढ़ में 350 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करेगी। यहां काजू, तिल, दलहन और मूंगफली की प्रोसेसिंग की जाएगी, जिससे किसानों की उपज का स्थानीय स्तर पर मूल्य संवर्धन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात कर निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। वहीं 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश की संभावनाओं पर संवाद हुआ।

GFTN के साथ बैठक में युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस का प्रशिक्षण देने, स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और टेक लैब स्थापित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा 6 अक्टूबर को संपन्न हुई। प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर को रायपुर लौटेगा।

