Central Samvad
रायपुर, 09 मई 2026
दंतेवाड़ा जिले में आयोजित सुशासन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से हितग्राहियों को आधुनिक उपकरण भी दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालकों को उन्नत जाल और आइस बॉक्स वितरित किए हैं, जिससे मछली पालन और बिक्री का काम आसान हो सके।

विकासखंड कटेकल्याण के ग्राम भूसारास में आयोजित शिविर में मत्स्य पालक हिड़मा मंडावी को मछली पकड़ने के लिए जाल दिया गया। उन्होंने बताया कि वे पिछले 10 वर्षों से अपने तालाब में रोहू, कतला और मृगल मछली का पालन कर रहे हैं। पहले उन्हें किराये पर जाल लेना पड़ता था, लेकिन अब अपना जाल मिलने से काम में सुविधा होगी और आय भी बढ़ेगी।
इसी तरह महादेव मरकाम को मछली सुरक्षित रखने और बाजार तक ले जाने के लिए आइस बॉक्स दिया गया। उन्होंने बताया कि पहले आइस बॉक्स नहीं होने से मछलियां खराब होने का डर बना रहता था, लेकिन अब उन्हें राहत मिलेगी।
वहीं, कुआकोंडा विकासखंड के हल्बारास गांव में परमेश्वर राना और सुनील कुमार भोयर भी विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हुए। परमेश्वर राना को मछली पकड़ने के लिए जाल और सुनील कुमार को आइस बॉक्स दिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि इन सुविधाओं से मछली पालन का काम आसान होगा और आर्थिक स्थिति बेहतर बनेगी।
प्रशासन का कहना है कि सुशासन तिहार के माध्यम से दूरदराज के गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और उन्हें योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है
Input -DPRCG

