Central Samvad रायपुर, 14 मई 2026/ छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत का माध्यम बन रही है। योजना के तहत पुराने बकाया बिजली बिलों पर लगने वाले सरचार्ज को माफ किया जा रहा है, साथ ही उपभोक्ताओं को मूल राशि का भुगतान एकमुश्त या आसान किस्तों में करने की सुविधा भी दी गई है।

बीपीएल, घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को आसान किस्तों में भुगतान की सुविधा
राज्य सरकार के अनुसार योजना का लाभ मुख्य रूप से बीपीएल, सामान्य घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को मिल रहा है। ऐसे उपभोक्ता जो लंबे समय से बकाया बिजली बिल के कारण आर्थिक दबाव में थे, उन्हें इस योजना से बड़ी राहत मिल रही है।सरकार का दावा है कि अब तक 28 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को 757 करोड़ रुपए से ज्यादा के सरचार्ज माफी का लाभ मिला है।
योजना के जरिए उपभोक्ताओं को नियमित भुगतान व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।योजना के तहत उपभोक्ता अपनी सुविधा अनुसार किस्तों में भुगतान कर सकते हैं, जिससे एकमुश्त बड़ी राशि जमा करने की परेशानी कम हो रही है। इससे घरेलू बजट पर दबाव कम होने के साथ बिजली विच्छेदन की आशंका भी घट रही है। कृषि उपभोक्ताओं को भी इसका सीधा लाभ मिल रहा है।
योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1912 और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी संपर्क किया जा सकता है।राज्य सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 1 जनवरी 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक प्रभावशील रहेगी।

