कृषि जागरूकता अभियान में किसानों को वैज्ञानिक खेती के लिए किया गया प्रेरित
Central Samvad 21मई 2026
रायपुर जिले में आयोजित कृषि जागरूकता अभियान के तहत किसानों को विभिन्न विभागों की लाभकारी योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। इस दौरान किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एग्रीस्टेक, प्राकृतिक एवं जैविक खेती और किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

पशु चिकित्सा विभाग द्वारा पशुओं को मौसमी और संक्रामक रोगों से बचाने के लिए नियमित टीकाकरण की सलाह दी गई। वहीं उद्यानिकी विभाग ने किसानों को सब्जी और फल उत्पादन के माध्यम से आय बढ़ाने के तरीके बताए।

मत्स्य विभाग द्वारा मछली पालन से संबंधित विभागीय योजनाओं और अनुदानों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और शासन की लाभकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना है, ताकि खेती को अधिक वैज्ञानिक, उन्नत और लाभकारी बनाया जा सके।

