Central Samvad रायपुर 14 जून 2026
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर लोकभवन रायपुर में आयोजित समारोह में राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और इससे बड़ी कोई सेवा नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है तथा यह केवल स्वैच्छिक दान से ही उपलब्ध हो सकता है।

भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के सर्वाधिक रक्तदान करने वाले 30 स्वैच्छिक रक्तदाताओं सहित विभिन्न संस्थाओं और संगठनों के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।राज्यपाल ने कहा कि थैलेसीमिया, सिकल सेल, एनीमिया, हीमोफिलिया, कैंसर और दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों में रक्त जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने रक्तदाताओं की निःस्वार्थ सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम में रेडक्रॉस स्मारिका का विमोचन भी किया गया।


