Central Samvad रायपुर, 21 जून 2026
छत्तीसगढ़ से सोमनाथ धाम के लिए 22 से 26 जून तक आयोजित होने वाली “सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा” में प्रदेश के 1000 विशिष्टजन विशेष ट्रेन से गुजरात रवाना होंगे। यात्रा का शुभारंभ 22 जून को रायपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।यह यात्रा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य लोगों को भारत की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना है।

यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित कलाकार, साहित्यकार, समाजसेवी, संस्कृति कर्मी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।यात्रा के दौरान प्रतिभागी सोमनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे और विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों की पवित्र मिट्टी और नदियों का जल भी साथ लेकर जाएंगे, जो सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय समरसता का प्रतीक होगा।संस्कृति विभाग के अनुसार यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतिभागियों के स्वास्थ्य परीक्षण, यात्रा व्यवस्था और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

