Central Samvadरायपुर, 30 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले में आयोजित दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव-2026 के समापन समारोह में रामगढ़ के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये देने और उदयपुर व डूमरडीह को मिलाकर नया नगर पंचायत बनाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रामगढ़, सीताबेंगरा और जोगीमारा जैसी ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ छत्तीसगढ़ की संस्कृति, आस्था, इतिहास और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।

उन्होंने बताया कि यहां पर्यटक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश के पर्यटक इस क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों से परिचित हो सकें।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के छह बच्चों का शाला प्रवेश कराया।

उन्होंने बच्चों को अध्ययन सामग्री वितरित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही सरगुजा के पर्यटन स्थलों पर डॉक्यूमेंट्री तैयार करने वाले टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स को भी सम्मानित किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आवास, कृषि, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि रामगढ़ महोत्सव आने वाले वर्षों में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा।

