Central Samvadरायपुर, 1 जुलाई 2026
बीजापुर जिले के पीडिया क्षेत्र में 21 वर्षों बाद बंद पड़े 11 स्कूलों का दोबारा संचालन शुरू होने से 539 बच्चों के जीवन में शिक्षा की नई उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास और सुशासन की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और अध्ययन सामग्री वितरित कर विद्यालय में स्वागत किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और शिक्षादूतों को शिक्षण सामग्री भी प्रदान की।

माओवादी हिंसा के कारण वर्षों से बंद पड़े पीडिया, पेदापाल, छोटेगोटोडी, कुएम, मदपाल, अंडरी, इडेनार, डोंडीतुमनार, मिरगानघोटूल, गमपुर और तमोड़ी गांवों के स्कूल अब फिर से संचालित होने लगे हैं। इससे बच्चों को अब पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश पांडे ने बताया कि इस वर्ष विशेष अभियान के तहत जिले में अब तक 37 बंद स्कूलों को दोबारा शुरू किया जा चुका है।

इन स्कूलों में भवन, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि जिले के हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिन क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल हुई है, वहां चरणबद्ध तरीके से बंद स्कूलों को दोबारा खोला जा रहा है।

पीडिया में स्कूलों का पुनः संचालन बदलते बस्तर की नई तस्वीर पेश करता है, जहां अब भय की जगह बच्चों की मुस्कान और शिक्षा का माहौल दिखाई दे रहा है।

