Central Samvadरायपुर, 09 जुलाई 2026
राष्ट्रीय महिला आयोग ने राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और मानव तस्करी के मामले का संज्ञान लिया है। आयोग ने जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को 15 दिनों के भीतर मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग ने पुलिस, चिकित्सा अधिकारियों और फोरेंसिक एजेंसियों सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक और त्वरित जांच सुनिश्चित करने को कहा है।
साथ ही विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच का संज्ञान लेते हुए अब तक 18 आरोपियों की गिरफ्तारी पर जानकारी ली और शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा समयबद्ध जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं।राष्ट्रीय महिला आयोग ने जिला प्रशासन को जिले में संचालित सभी अपंजीकृत और अनधिकृत होटलों एवं प्रतिष्ठानों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।
इसके अलावा पुलिस अधिकारियों को पीड़िता से संबंधित वीडियो और अन्य सामग्री को सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से तत्काल हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

