Central Samvadरायपुर, 09जुलाई 2026
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन एवं अनुशंसा के लिए गठित तीन सदस्यीय खोज समिति का सदस्य नामित किया गया है।

यह नियुक्ति उनके प्रशासनिक अनुभव, सुशासन और सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में योगदान को देखते हुए की गई है।समिति में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रदीप कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और डॉ. सुरेश हावरे शामिल हैं। समिति को मंदिर के प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए योग्य एवं सक्षम नेतृत्व का चयन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. हावरे एक प्रतिष्ठित उद्योगपति और शिक्षाविद हैं। वे पूर्व में श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट, शिर्डी के अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के सदस्य भी हैं। उनकी यह नियुक्ति राष्ट्रीय महत्व की संस्थाओं के प्रभावी संचालन में उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक मानी जा रही है।एनआईटी रायपुर ने भी उनके नेतृत्व में संस्थागत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।संस्थान परिवार ने डॉ. सुरेश हावरे को इस राष्ट्रीय दायित्व के लिए बधाई देते हुए इसे एनआईटी रायपुर के लिए भी गौरव का विषय बताया है।

