Central Samvadरायपुर, 09 जुलाई 2026
मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) 2.0 भूमि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अधिकारियों को नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि का सर्वेक्षण और चिन्हांकन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने सभी जिलों के कलेक्टरों से पात्र हितग्राहियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आबादी भूमि पर रहने वाले आवासहीन परिवारों का सत्यापन कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने के लिए प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए।बैठक में नगरीय निकायों की वर्तमान और भविष्य की आवासीय जरूरतों का आकलन कर कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया, ताकि समय पर पात्र हितग्राहियों को पक्के घर उपलब्ध कराए जा सकें।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी जरूरत के अनुसार व्यापक योजना बनाकर आवास निर्माण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव श्रीमती आर. शंगीता, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
j

