Central Samvadकटघोरा/रायपुर, 02अगस्त 2026
जिला कुडो संघ द्वारा मंगल भवन, कटघोरा में आयोजित राज्य स्तरीय आवासीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर-2026 का शुभारंभ वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई प्रतिभागी बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण केवल सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त जरिया है।

मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार खेलों के विकास, खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की खेलो इंडिया जैसी पहल से भी खेल प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर मंच मिल रहा है।

केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश के खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों, को नई पहचान और आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।मंत्री ने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण शिविर प्रतिभागियों को जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने, अनुशासित जीवन अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने जिला कुडो संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बेटियों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

