Central Samvadरायपुर, 13 अगस्त 2026
राजधानी रायपुर की शाम बुधवार को देशभक्ति के सुरों से गूंज उठी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित ‘आजादी की धुन’ समारोह में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए 100 युवा कलाकारों ने एक साथ लाइव बैंड प्रस्तुति दी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कार्यक्रम में शामिल हुए और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों में राष्ट्रप्रेम का भाव जगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आजादी की धुन’ स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का अवसर है।

यह आयोजन इतिहास के गौरव को याद करने, वर्तमान के कर्तव्यों को समझने और बेहतर भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि संगीत लोगों को जोड़ने और भावनाओं को जागृत करने की अद्भुत शक्ति रखता है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान गीतों, कविताओं और नारों ने देशवासियों में आजादी की चेतना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य बलिदानों के बाद मिली है।

महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, वीर सावरकर और डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अनेक राष्ट्रनायकों के संघर्ष ने स्वतंत्र भारत की नींव मजबूत की।मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने वीर नारायण सिंह और बस्तर के जननायक वीर गुण्डाधुर के संघर्ष और बलिदान को प्रदेश की गौरवशाली विरासत बताया।उन्होंने कहा कि ‘आजादी की धुन’ जैसे आयोजन युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम और उसके मूल्यों से जोड़ते हैं।

युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है।

छत्तीसगढ़ सरकार भी विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, कलाकार और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

