Central Samvadरायपुर, 13 अगस्त 2026
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा के श्यामगिरी पहुंचकर 2019 की नक्सली घटना में शहीद हुए पूर्व विधायक स्व. भीमा मंडावी सहित 13 शहीदों को श्रद्धांजलि दी। दोनों मंत्रियों ने घटना स्थल पर पौधरोपण किया और शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

स्व. भीमा मंडावी की पत्नी श्रीमती ओजस्वी मंडावी से मुलाकात के दौरान माहौल भावुक हो गया। सभी ने शहीदों की स्मृति में मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। स्थानीय लोगों और घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने भी उस समय की घटनाओं की जानकारी साझा की।उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के लोगों ने नक्सली हिंसा का लंबे समय तक सामना किया है।

आज परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले तिरंगा फहराने में डर लगता था, लेकिन अब बस्तर में बिना भय के तिरंगा लहराया जा रहा है। उन्होंने कहा, “बस्तर की जनता जीत गई और नक्सलवाद हार गया।”उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हो पाने वाले लोग सोशल मीडिया के माध्यम से भी तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त कर सकते हैं।ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री ने नकुलनार-बचेली मार्ग का नाम शहीद भीमा मंडावी के नाम पर करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए कलेक्टर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।इस दौरान ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया।

मंत्रियों ने घटना स्थल की मिट्टी भी स्मृति के रूप में संग्रहित की। कार्यक्रम में सांसद श्री महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, आईजी बस्तर श्री बद्री नारायण मीणा सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।बिहान समूह की महिलाओं से चर्चाउप मुख्यमंत्री ने बिहान समूह की महिलाओं से भी बातचीत की और उन्हें लघु वनोपज प्रसंस्करण का प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने ‘छत्तीसकला’ ब्रांड के तहत शासन से मिल रही सहायता का लाभ उठाने की अपील की।बस्तर पंडुम विजेताओं से मिले मंत्रीउप मुख्यमंत्री और वन मंत्री ने राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम के विजेता अरनपुर के मांदरी दल की महिलाओं से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से बातचीत की और बस्तर की संस्कृति को आगे बढ़ाने के उनके प्रयासों की सराहना की।

