Central Samvadरायपुर, 5 सितंबर 2026
शिक्षक दिवस के अवसर पर लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम् में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया।

वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश के 63 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार और चार शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया।राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि AI के दौर में शिक्षकों और विद्यार्थियों को नई तकनीकों से परिचित होना जरूरी है, लेकिन तकनीक का उपयोग विवेकपूर्ण, जिम्मेदार और मानवीय मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि AI शिक्षक और विद्यार्थी का सहायक बने, नियंत्रक नहीं। शिक्षक विद्यार्थियों को तकनीक के साथ स्वतंत्र चिंतन, नवाचार और संस्कारों से भी जोड़ें।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षक नई पीढ़ी और राष्ट्र के निर्माता हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री या नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि सक्षम, संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में अब एक भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं है। सरकार शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष ध्यान दे रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अंचल में स्थानीय बोली के माध्यम से प्रारंभिक शिक्षा देने की पहल की गई है।

प्रदेश के 341 विद्यालयों का चयन पीएम श्री योजना के तहत किया गया है। वहीं स्वामी विवेकानंद के नाम पर 150 विद्यालय प्रारंभ किए जा रहे हैं।

दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश में AI आधारित स्मार्ट स्कूल विकसित किए जा रहे हैं और शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने वर्ष 2026-27 के राज्य शिक्षक सम्मान के लिए चयनित 64 शिक्षक-शिक्षिकाओं के नामों की घोषणा भी की।समारोह में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के राजेश कुमार प्रजापति, कोरबा के कामता प्रसाद जायसवाल, दुर्ग की प्रज्ञा सिंह और सारंगढ़-बिलाईगढ़ की प्रियंका गोस्वामी को विभिन्न स्मृति पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

