Central Samvad रायपुर, 27 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में किसानों, बिजली उपभोक्ताओं, शासकीय कर्मचारियों, पर्यटन, उद्योग, खेल और अधोसंरचना विकास से जुड़े 19 निर्णय लिए गए।मंत्रिपरिषद ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का निर्णय लिया है।

किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाएगा। 27.50 लाख से अधिक किसानों को लाभ देने का लक्ष्य है। 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू होने से इनकी कुल संख्या 3100 हो जाएगी। कृषक उन्नति योजना में संशोधन कर धान फसल की आदान सहायता राशि प्रति क्विंटल के बजाय प्रति एकड़ के आधार पर देने का निर्णय भी लिया गया।

मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान के तहत 200 यूनिट तक बिजली बिल में मिल रही रियायत जारी रहेगी। 400 यूनिट तक मासिक खपत की पात्रता अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ाई गई है, जिससे लगभग 7.25 लाख उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।डामर की कीमतों में वृद्धि के कारण ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के कार्यों के लिए 130.88 करोड़ रुपये की राहत मंजूर की गई। मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन-2026 के लिए पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है।

शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन अगले पांच वर्षों तक संचालित होगा, जिसके लिए लगभग 500 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए वर्ष 2026-27 में 100 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। पहले चरण में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, जगदलपुर और जशपुर में खेल फीडर सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
मंत्रिपरिषद ने 295 किलोमीटर लंबी कटघोरा-तखतपुर-मुंगेली-कवर्धा-खैरागढ़-डोंगरगढ़ रेल परियोजना को आगे बढ़ाने की मंजूरी दी। इसकी अनुमानित लागत 8,000 करोड़ रुपये है। कोल गैसीफिकेशन परियोजनाओं को प्रोत्साहन देने के लिए औद्योगिक विकास नीति में संशोधन और औद्योगिक भूमि प्रबंधन नियमों में बदलाव को भी स्वीकृति मिली।
रायपुर जिले की नगर पंचायत कूंरा का नाम बदलकर कुंवरगढ़ करने का निर्णय लिया गया। राजनांदगांव के ग्राम खपरीकला में केंद्रीय भंडारण निगम को 10 एकड़ भूमि और ग्राम सोमनी में फल प्रसंस्करण परियोजना के लिए 31.55 एकड़ भूमि आवंटित करने की मंजूरी दी गई। सोमनी परियोजना में लगभग 400 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है।

पुनर्विकास योजना के दूसरे चरण में दुर्ग, रामानुजगंज, जशपुर, सक्ती और धमतरी की पांच शासकीय परिसंपत्तियों को विकसित करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। इसके अलावा, नौ राजनीतिक आंदोलन संबंधी प्रकरणों को जनहित में न्यायालय से वापस लेने की प्रक्रिया, सुशासन विभाग में तीन नए पदों और वन मुख्यालय में एक अस्थायी पद के सृजन को स्वीकृति मिली।
स्वर्गीय डॉ. राकेश मोहन चंदोला की सेवा को परिवार पेंशन के लिए नियमित मानते हुए पात्र परिजनों को पेंशन, एरियर्स और नियमानुसार ब्याज देने का निर्णय भी लिया गया।

