Central Samvad रायपुर, 06 जून 2026
छत्तीसगढ़ की जल प्रबंधन और सिंचाई सुधार संबंधी पहल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय ने कमान क्षेत्र विकास एवं जल प्रबंधन आधुनिकीकरण (एम-सीएडी) मॉडल के तहत राज्य द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भी छत्तीसगढ़ मॉडल अपनाने की सलाह दी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि किसानों की समृद्धि, जल संरक्षण और जल संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग के लिए राज्य सरकार लगातार नवाचार कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह मान्यता प्रदेश के किसानों, जल संसाधन विभाग और सुशासन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का सम्मान है।

जल शक्ति मंत्रालय ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ ने अपने संसाधनों से एम-सीएडी योजना के अनुरूप कार्य शुरू कर सिंचाई दक्षता बढ़ाने और उपलब्ध सिंचाई क्षमता के बेहतर उपयोग की दिशा में उल्लेखनीय पहल की है।
मंत्रालय ने इसे अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय मॉडल बताया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए जल संसाधनों का वैज्ञानिक प्रबंधन, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और कृषि उत्पादकता बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य का लक्ष्य उपलब्ध प्रत्येक बूंद पानी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित कर किसानों की आय बढ़ाना है।

