Central Samvadरायपुर, 6 जुलाई
भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सहकारी सप्ताह’ का भव्य समापन सोमवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर परिसर में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के सहकारिता एवं वन मंत्री केदार कश्यप रहे।

समारोह की शुरुआत बैंक के संस्थापक पं. वामन बलीराम लाखे के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस अवसर पर बैंक परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया।

समारोह के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया।
उन्होंने सहकारिता क्षेत्र में हुए प्रमुख सुधारों का उल्लेख करते हुए ई-पैक्स, त्रिभुवन सहकारिता विश्वविद्यालय, दुनिया की सबसे बड़ी अन्न भंडारण श्रृंखला, सहकारी समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर से जोड़ने और भारत टैक्सी सेवा जैसी पहलों की जानकारी दी।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अपेक्षा व्यास ने प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि 31 मार्च 2026 तक बैंक ने 216 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक सकल लाभ अर्जित किया है।

उन्होंने बताया कि बैंक से जुड़ी 682 सहकारी समितियों और 98 डेयरी समितियों में माइक्रो एटीएम संचालित हैं। इसके अलावा समितियों के माध्यम से 32 नागरिक सेवाएं, जन औषधि केंद्र, उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी वितरण, पैक्स का कंप्यूटरीकरण तथा 132 नई सहकारी समितियों का गठन किया गया है।
अपने संबोधन में मंत्री केदार कश्यप ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को मात्रा से अधिक गुणवत्ता आधारित खेती पर ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों को आत्मनिर्भर एवं कर्जमुक्त बनाने के संकल्प को दोहराया गया।
समारोह में सहकारिता विभाग, जिला सहकारी बैंकों, अपेक्स बैंक तथा विभिन्न सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान एवं सदस्य उपस्थित रहे।

