Central Samvad 29 मई 2026
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (एलपीजी) का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सभी शोधन संयंत्र पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। सरकार ने लोगों से ईंधन की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में प्रतिदिन 92 हजार मीट्रिक टन एलपीजी का उत्पादन हो रहा है, जो अब तक का सबसे उच्च स्तर है। सरकार सभी घरों तक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति और सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।उन्होंने लोगों से ऊर्जा बचाने की अपील करते हुए कहा कि औद्योगिक और थोक उपभोक्ता केवल अधिकृत माध्यमों से ही डीजल की खरीद करें।
इस बीच, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने बताया कि 2.70 लाख मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर आ रहा वाणिज्यिक पोत सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुका है और 3 जून तक विशाखापत्तनम पहुंचने की संभावना है।

