Central Samvad रायपुर, 30 मई 2026
पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक परिवर्तन में पत्रकारिता की भूमिका ऐतिहासिक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी हैं, जो समाज और शासन के बीच सशक्त सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता ने स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक परिवर्तन में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों के सम्मान में आयोजित ऐसे कार्यक्रम पत्रकारिता के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

उन्होंने हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा, उदंत मार्तंड के ऐतिहासिक योगदान तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध पत्रकारिता विरासत का उल्लेख किया।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पत्रकारिता का मूल धर्म समाज और राष्ट्र को सही दिशा प्रदान करना है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार एवं इंडिया हैबिटेट सेंटर के डायरेक्टर डॉ. के.जी. सुरेश ने तथ्यात्मक, शोधपरक और साक्ष्य आधारित पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया।

हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर प्रकाशित नवप्रदेश के विशेष अंक, रायपुर प्रेस क्लब की पत्रकार डायरेक्टरी तथा दिनेश यदु की पुस्तक ‘मैं अगहन हूं’ का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार कृष्णा दास, विधायक पुरंदर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, राम मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष सुनील रामदास, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

