Central Samvad 29 मई 2026
आईआईएम शिलांग में आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, स्वयंसेवा को मजबूत करने और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि MY Bharat अब 2.17 करोड़ युवा स्वयंसेवकों के साथ एक राष्ट्रीय जनभागीदारी आंदोलन बन चुका है और इसे देश के हर जिले, ब्लॉक और युवा तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों को समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभानी चाहिए और युवाओं की भागीदारी को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जाना चाहिए। साथ ही 26 जून से 15 अगस्त तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी नशा मुक्ति अभियान में युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने कहा कि अधिकारियों, एनएसएस और राज्य प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से युवा कार्यक्रमों का प्रभाव और बढ़ेगा। चिंतन शिविर में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने युवा क्लबों, स्वयंसेवा योजनाओं और सामुदायिक जुड़ाव के सफल अनुभव भी साझा किए।

