Central Samvad रायपुर, 12 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में बस्तर गोंचा महापर्व आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात कर उन्हें गोंचा महापर्व-2026 में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए महापर्व के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बस्तर की पारंपरिक संस्कृति का सम्मान करते हुए तुपकी चलाकर भगवान श्री जगन्नाथ को प्रतीकात्मक सलामी दी। प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर में विद्युत तारों को भूमिगत किए जाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इससे रथयात्रा सहित धार्मिक आयोजनों के संचालन में आने वाली बाधाएं दूर हुई हैं।

360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि 619 वर्ष पुरानी परंपरा के तहत इस वर्ष गोंचा महापर्व का आयोजन 29 जून से 25 जुलाई 2026 तक किया जा रहा है। भगवान श्री 1008 जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को श्री जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर सिरहासार भवन (जनकपुरी) पहुंचेगी।इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक श्री किरण सिंह देव, आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्तेश पाण्डे तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

