Central Samvadरायपुर, 12 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के महासचिव श्री विक्रम सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ियों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
एसोसिएशन ने 20 विभिन्न खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर उन्हें शासकीय सेवा में लाभ का अवसर देने के निर्णय का स्वागत किया। पदाधिकारियों ने कहा कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और प्रदेश में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्मंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों के अनुरूप बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर देने का निर्णय युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगा और प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का नया मंच प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य में खेल अधोसंरचना के विकास और खिलाड़ियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
j

