Central Samvad रायपुर, 23 मई 2026
राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर के दौरान किसी भी आपात स्थिति में डायल 1033 लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आ रही है। यह हेल्पलाइन सड़क हादसों, वाहन खराब होने, टायर पंचर, ट्रैफिक बाधा, मेडिकल इमरजेंसी और सुरक्षा संबंधी समस्याओं में तुरंत सहायता उपलब्ध करा रही है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा संचालित यह सेवा 24 घंटे सक्रिय रहती है। हादसे की सूचना मिलते ही कॉल सेंटर जीपीएस के माध्यम से लोकेशन ट्रेस करता है और कुछ ही मिनटों में एम्बुलेंस, पेट्रोलिंग टीम या क्रेन मौके पर पहुंच जाती है।

रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर दुर्घटना का शिकार हुए नितिन वर्मा ने बताया कि 1033 पर कॉल करने के कुछ ही मिनटों में एम्बुलेंस पहुंच गई। वहीं, कई यात्रियों और ट्रक चालकों ने भी बताया कि रात के समय वाहन खराब होने या टायर फटने जैसी परिस्थितियों में 1033 की टीम ने तुरंत मदद पहुंचाई।

हाइवे पर गिरे पेड़, मलबा, मवेशियों की मौजूदगी, फास्टैग समस्या या असुरक्षा महसूस होने पर भी इस नंबर पर सहायता ली जा सकती है।यह सेवा टोल-फ्री है और हिंदी, अंग्रेजी सहित कई भाषाओं में उपलब्ध है।

मोबाइल में बैलेंस नहीं होने पर भी इस नंबर पर कॉल किया जा सकता है।तेज रफ्तार और आधुनिक सड़कों के इस दौर में डायल 1033 राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों के लिए सुरक्षा और भरोसे का मजबूत सहारा बनकर उभर रहा है।

