निदेशक एन. वी. रमना राव सपत्नीक हुए शामिल, विद्यार्थियों ने दी योग आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां
Central Samvad रायपुर, 21 जून 2026
रायपुर, 21 जून 2026/ राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।उनके साथ उनकी पत्नी श्रीमती ज्योति राव भी शामिल हुईं।

उनके साथ डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) डॉ. मनोज चोपकर, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. समीर बाजपेयी, रजिस्ट्रार डॉ. नरेंद्र डी. लोंढे, विभिन्न विभागों के प्रोफेसर, फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी, परिवारजन और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संदेश के प्रसारण से हुई। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में योग को मानवता को जोड़ने वाला माध्यम बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इसके बाद कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योग सत्र में हिस्सा लेकर स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन रहा।

छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कठिन और संतुलनकारी योग मुद्राओं का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। योग आधारित इन आकर्षक प्रस्तुतियों ने योग की सुंदरता, अनुशासन और शारीरिक क्षमता को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।

योगा फैकल्टी डॉ. मंजू शुक्ला ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं और यह तनावमुक्त तथा स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि योग विद्यार्थियों की एकाग्रता बढ़ाने, मानसिक तनाव कम करने और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


उन्होंने सभी से नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।इस अवसर पर संस्थान में पूर्व में आयोजित योग शिविर के दौरान हुई योग प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा पुरस्कार वितरित किए गए।

कार्यक्रम के समन्वयक योगा क्लब के फैकल्टी इंचार्ज डॉ. देबाशीष मिश्रा, डॉ. मंजू शुक्ला और श्री सूरज निषाद रहे। अंत में डॉ. समीर बाजपेयी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।


