Central Samvad रायपुर, 04 जुलाई 2026
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रतिनिधियों और जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने सौजन्य भेंट की।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के विकास, सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पहचान को लेकर राज्य सरकार की प्राथमिकताओं से प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नैनीताल, गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण करते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अंतर्राज्यीय भ्रमण कार्यक्रम दोनों राज्यों के बीच वैचारिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करते हैं। साथ ही पत्रकार कल्याण और मीडिया की भूमिका को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री धामी ने अगले वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ के लिए छत्तीसगढ़ सहित देशभर के मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न राज्यों के पत्रकार देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत और व्यवस्थाओं को करीब से जान सकेंगे तथा अपने अनुभव देशभर के लोगों तक पहुंचा सकेंगे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न जिलों के मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

