Central Samvadरायपुर, 20 अगस्त 2026
आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित टीआरटीआई में आदिम जाति कल्याण आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति के संचालक मंडल की बैठक हुई। बैठक में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई।मंत्री श्री नेताम ने एकलव्य विद्यालयों में गणवेश, मेस संचालन, भोजन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।बैठक में नेस्ट्स और राज्य सरकार के भर्ती नियमों के अनुसार योग्यता रखने वाले एकलव्य विद्यालयों के पूर्व अतिथि शिक्षकों को पुनः अवसर देने के विषय पर भी सहमति बनी।बैठक में बताया गया कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं।

नवंबर 2025 में ओडिशा के सुंदरगढ़ में आयोजित एकलव्य विद्यालयों की चतुर्थ राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 466 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रदेश ने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करते हुए 55 स्वर्ण पदक सहित कुल 126 पदक जीते।

मंत्री श्री नेताम ने विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों की सराहना की।इस अवसर पर टीआरटीआई द्वारा प्रकाशित ‘गुमनाम जननायक’ पुस्तक का विमोचन किया गया। मंत्री श्री नेताम ने शहीद वीरनारायण सिंह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सह स्मारक में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत सुश्री अंबिका ध्रुव का नगर सैनिक के पद पर चयन होने पर सम्मान किया।बैठक में विभाग के सचिव श्री भुवनेश यादव, आयुक्त श्री डी. राहुल वेंकट, टीआरटीआई की संचालक श्रीमती हिना अनिमेष नेताम सहित संचालक मंडल के सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

