Central Samvad रायपुर 6 अक्टूबर 2026
सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन चलेगी। सांसद चिंतामणि महाराज ने मंगलवार को अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से द्विसाप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को सुबह 7.30 बजे अम्बिकापुर से रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे रवाना होगी।

ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को दिल्ली के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा मिलेगी। इससे विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में भी यात्री सुविधाओं के विस्तार का काम चल रहा है।

यहां नया प्लेटफॉर्म, रेलवे लाइनों का विस्तार और बड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। कोचिंग सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ भविष्य में और ट्रेनों के संचालन के लिए जरूरी अधोसंरचना भी विकसित की जा रही है।

