Central Samvad रायपुर, 11 अक्टूबर 2026
पितृपक्ष में पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए कल विप्रांगना संस्था ने पौधारोपण, विद्यालयों में प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स वितरण और बेजुबान जीवों को भोजन कराने की पहल की। संस्था की बहनों ने इस माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा और जीवों के प्रति संवेदना का संदेश दिया।

संस्था की संरक्षिका कल्याणी तिवारी ‘कोकि’ ने कबीरनगर के अटल आवास स्थित शासकीय शाला में प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स प्रदान किया। वहीं, अध्यक्ष आकांक्षा तिवारी ‘वर्षा’ ने शासकीय प्राथमिक शाला सड्डू की प्रधान पाठिका सरिता शर्मा, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सड्डू की प्रभारी प्रधान पाठक शांति तिर्की और शासकीय हाईस्कूल आमासिवनी की प्रभारी प्राचार्य रीना राजपूत को प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स सौंपे।
इनके लिए विजयलक्ष्मी पाण्डेय, प्रतिमा उपाध्याय और आरती मिश्रा ने सहयोग दिया।पर्यावरण संरक्षण के तहत कल्याणी तिवारी की टीम ने कबीरनगर में पौधारोपण किया। इसके बाद आकांक्षा तिवारी ‘वर्षा’, प्रतिमा उपाध्याय और आरती मिश्रा ने सड्डू में आम, जामुन और तुलसी के पौधे लगाए।
विजयलक्ष्मी पाण्डेय ने तुलसी के पौधे दान किए। संस्था की बहनों ने श्वानों और गायों को ग्रास खिलाकर जीव सेवा भी की।संस्था ने फलदार पौधों के रोपण के माध्यम से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और पक्षियों सहित अन्य जीवों को भोजन उपलब्ध कराने का संदेश दिया।
विप्रांगना की इस पहल का उद्देश्य पूर्वजों के प्रति श्रद्धा को सामाजिक दायित्व, प्रकृति संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता से जोड़ना है। संस्था की बहनों ने कहा कि समाज की सेवा, पौधारोपण और बेजुबान जीवों के प्रति करुणा भी पूर्वजों के प्रति श्रद्धा की सार्थक अभिव्यक्ति है।

