
कौशल प्रशिक्षण पूरा करने वाली 38 बंदिनियों को प्रमाण-पत्र, बच्चों को मिले उपहार
Central Samvad रायपुर, 10 मई 2026
मदर्स डे के अवसर पर रायपुर महिला जेल में बंदिनियों को बड़ी सौगात मिली। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की घोषणा के अनुरूप महिला जेल में “प्रिज़न इनमेट वीडियो कॉलिंग सिस्टम ‘की शुरुआत की गई। इस नई सुविधा से अब महिला बंदिनियां अपने परिजनों और अधिवक्ताओं से सीधे वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर सकेंगी।

जेल विभाग और बीएसएनएल के बीच हुए अनुबंध के तहत यह सिस्टम स्थापित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इससे बंदिनियों को मानसिक संबल मिलेगा और कानूनी मामलों में संवाद भी आसान होगा।
इस दौरान निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत कौशल विकास प्रशिक्षण पूरा करने वाली 38 महिला बंदिनियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, जेल में अपनी माताओं के साथ रह रहे 14 बच्चों को विशेष उपहार वितरित किए गए, जिससे जेल परिसर का माहौल उत्सवमय हो गया।
कार्यक्रम में डीजी जेल हिमांशु गुप्ता, जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, बीएसएनएल प्रतिनिधि विजय छबलानी, महिला जेल प्रभारी गरिमा पांडेय सहित जेल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इसे जेल सुधार और तकनीकी समावेश की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

