चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती जारी है। पश्चिम बंगाल में भाजपा बड़ी जीत की ओर अग्रसर है, जबकि असम और पुद्दुचेरी में वह सहयोगी दलों के साथ सत्ता में वापसी करती दिख रही है।
तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी टी.वी.के. ने बड़ा फेरबदल किया है। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व में यू.डी.एफ. स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रही है।
विधानसभा उप-चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात, त्रिपुरा और नागालैंड में एक-एक सीट पर जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस को कर्नाटक में एक सीट पर जीत मिली है।
पश्चिम बंगाल में 293 विधानसभा सीटों में से 11 के परिणाम घोषित हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी को 9 और तृणमूल कांग्रेस को 2 सीटें मिली हैं। शेष 282 सीटों के रुझानों के अनुसार भाजपा 191 सीटों पर आगे है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 85 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी 1, कांग्रेस 2 और अन्य 3 सीटों पर आगे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से आगे चल रही हैं, जबकि नंदीग्राम सीट से सुवेंदु अधिकारी आगे हैं। आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर नवादा और रेजीनगर सीटों पर आगे हैं।
असम में सत्तारूढ़ भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। 126 सीटों में से 74 के परिणाम घोषित हो चुके हैं। भाजपा को 59 सीटें मिली हैं, जबकि सहयोगी ए.जी.पी. को 5 और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट को 6 सीटें मिली हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस, ए.आई.यू.डी.एफ. और टीएमसी को एक-एक सीट मिली है। शेष 52 सीटों के रुझानों में भाजपा 23, ए.जी.पी. 3 और बी.पी.एफ. 4 सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस 19 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। ए.आई.यू.डी.एफ., रायजोर दल और अन्य एक-एक सीट पर आगे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा जालुकबाड़ी सीट से आगे चल रहे हैं।
केरल में सभी 140 सीटों के परिणाम और रुझान मिल गए हैं। कांग्रेस के नेतृत्व में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को बढ़त मिली है। कांग्रेस को 33 सीटें मिली हैं और वह 30 सीटों पर आगे है। उसकी सहयोगी आई.यू.एम.एल. ने 8 सीटें जीती हैं और 14 पर आगे है। सत्तारूढ़ सी.पी.एम. को 18 सीटें मिली हैं और वह 8 सीटों पर आगे है। उसकी सहयोगी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने 5 सीटें जीती हैं और 3 पर आगे है। केरल कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली है और वह 1 पर आगे है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन धर्मादम सीट से 18 हजार से अधिक मतों से आगे हैं, जबकि भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर नेमोम सीट से 3 हजार से अधिक मतों से आगे हैं।
तमिलनाडु में TVK का बड़ा असर, केरल में UDF बहुमत की ओर
तमिलनाडु में विजय के नेतृत्व में टी.वी.के. सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है। टी.वी.के. 101 सीटों पर आगे है और 7 सीटें जीत चुकी है। 14 सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं और 220 सीटों के रुझान मिल गए हैं। डीएमके को 6 सीटें मिली हैं और वह 53 पर आगे है। एआईएडीएमके 44 और पी.एम.के. 5 सीटों पर आगे है। कांग्रेस 4 सीटों पर आगे है, जबकि भाजपा को 1 सीट पर जीत और 3 पर बढ़त मिली है।
पुद्दुचेरी में एन. रंगास्वामी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनाती दिख रही है। 30 सीटों में से 18 के परिणाम आ चुके हैं। एआईएनआरसी को 9 सीटों पर जीत मिली है और वह 2 पर आगे है। भाजपा 2 सीटें जीत चुकी है और 1 पर आगे है। एआईएडीएमके, कांग्रेस और डीएमके को 1-1 सीट मिली है, जबकि 3 निर्दलीय उम्मीदवार भी जीते हैं।

