Central Samvadरायपुर, 24 जून 2026
प्रदेश में ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 से वीबी जी रामजी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना लागू की जाएगी।

योजना के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों और जिला स्तर पर आयोजित ग्राम सभाओं एवं बैठकों के माध्यम से लोगों को योजना की जानकारी दी जा रही है।

बेमेतरा जिले के सांकरा और देवरी गांव में ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर योजना के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस पहल की केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सराहना की है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने इसे जनभागीदारी और जागरूकता का सकारात्मक उदाहरण बताया।ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसका उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना, आय बढ़ाना और रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करना है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को योजना की जानकारी देते हुए इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। राज्य सरकार को उम्मीद है कि योजना के लागू होने के बाद प्रदेश के लाखों ग्रामीण परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

